जीरन | कस्बे के बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला चलती बस के नीचे आ गई। हृदय विदारक मंजर देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन ईश्वर की कृपा और ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला बस के दोनों अगले पहियों के बीच में आ गई थी, जिसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीरन बस स्टैंड निवासी बिल्किस बानो (65), पति मोहम्मद हुसैन, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मंदसौर जाने के लिए घर से निकली थीं। वे बस में सवार होने के लिए सड़क पार कर बस के सामने से गुजर रही थीं, तभी चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। महिला अचानक संतुलन खोकर बस के अगले हिस्से के नीचे जा गिरी।
ड्राइवर की सूझबूझ ने बचाई जान- जैसे ही बस आगे बढ़ी, वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे। बस की गति कम थी और चालक ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। महिला बस के दोनों अगले पहियों के ठीक बीच में फंसी रही। हादसा देख मौके पर मौजूद महिला के परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्हें बड़ी सावधानी से बस के नीचे से बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक मंजर के बावजूद महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि बस का पहिया महिला के ऊपर से नहीं गुजरा। महिला के परिजनों ने कहा कि "मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों के हाथ-पांव फूल गए थे। लगा कि कोई अनहोनी हो गई, लेकिन अल्लाह का शुक्र है कि अम्मा बिल्कुल सुरक्षित हैं।"