मंदसौर / जनगणना कार्य को लेकर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि मकानों की नंबरिंग का कार्य तीन दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर गर्ग ने कहा कि सभी चार्ज अधिकारी प्रगणकों की नियुक्ति करते समय यह सुनिश्चित करें कि सेवानिवृत्त, स्थानांतरित एवं दिव्यांग कर्मचारियों को प्रगणक के रूप में नियुक्त न किया जाए, क्योंकि इनकी सेवाएं वर्ष 2027 तक आवश्यक रहेंगी। प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में योग्य कर्मचारियों की ही नियुक्ति की जाए।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए 50 से अधिक फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही सभी चार्ज अधिकारी, प्रगणक, सुपरवाइजर एवं फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में 10 मार्च को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें जनगणना से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
