अहमदाबाद/मल्हारगढ़ (गोपाल मालेचा) भारतीय क्रिकेट टीम ने आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ICC पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में 96 रनों से पराजित कर विश्व कप ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत कायम कर ली है।
​तूफानी बल्लेबाजी का जलवा
​टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने की गेंदबाजों की जमकर धुलाई की। संजू सैमसन (89) और ईशान किशन (54) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पारी के अंतिम क्षणों में शिवम दुबे की 8 गेंदों में 26 रनों की आतिशी पारी ने न्यूजीलैंड के मनोबल को पूरी तरह तोड़ दिया।
​256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने कभी भी सहज नहीं दिखी। जसप्रीत बुमराह (4 विकेट) की घातक गेंदबाजी और अक्षर पटेल (3 विकेट) की सटीक स्पिन गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 19 ओवरों में महज 159 रनों पर सिमट गई।
​भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत टी20 विश्व कप के इतिहास में अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बनी। घरेलू दर्शकों के सामने विश्व कप उठाने वाली भारत पहली मेजबान टीम बनी।
अहमदाबाद के पूरे स्टेडियम में जश्न का माहौल रहा और तिरंगे की गूंज से अहमदाबाद का आकाश सराबोर हो गया। कप्तान ने इस जीत का श्रेय पूरी टीम की एकजुटता और घरेलू दर्शकों के अपार समर्थन को दिया है।​ मैच के दौरान मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में देवरा चौक उत्सव समिति ओर अपेक्स कंप्यूटर एजुकेशन द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से मैच का लाइव प्रसारण किया जिसको लेकर नगर की जनता और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला । मैच में भारतीय बल्लेबाजों के चौके और छक्कों पर युवाओं ने देवरा चौक को भारत माता की जय से गूंजा दिया । भारत की जीत के बाद नगर में विजयी जुलूस निकाला ।