मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में महिला संबंधी अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंदसौर जिले की दलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना दलौदा प्रभारी उपनिरीक्षक शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना दलौदा में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 93/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक पिता गोपाल सूर्यवंशी (23 वर्ष) निवासी निम्बाखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।