युवाओं को रोजगार एवं व्यवसाय लोन प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी
मंदसौर / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि म.प्र. शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 25 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे से शासकीय एस.एन. उदिया महाविद्यालय परिसर, गरोठ, जिला मंदसौर में जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस युवा संगम मेले के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया जाएगा।
साथ ही, जिला रोजगार कार्यालय मंदसौर द्वारा युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेले के दौरान युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु व्यवसाय प्रारंभ करने की लोन प्रक्रिया एवं संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस मेले में उपस्थित होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
