भावगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मंदसौर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भावगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 21.18 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) जप्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

चेकिंग के दौरान पकड़ाया तस्कर

​पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशानुसार अवैध नशे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भावगढ़ थाना पुलिस माऊखेड़ी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (फैशन प्रो, क्रमांक RJ 35 SH 9772) आती दिखी। चालक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।

आरोपी और जप्त मशरूका

​पकड़े गए आरोपी की पहचान सादिक पिता बाबू खान (40 वर्ष), निवासी कोटड़ी (हाल मुकाम नौगावा, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से:

  • 21.18 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत 2.10 लाख रुपये)
  • फैशन प्रो मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये)
  • ओप्पो कंपनी का मोबाइल (कीमत 10 हजार रुपये) जप्त किया है। कुल मशरूका की कीमत 2 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।

सप्लायर फरार, पुलिस कर रही तलाश

​पूछताछ में आरोपी सादिक ने बताया कि वह यह ड्रग्स इमरान पिता अमीर गुल पठान (निवासी देवलदी, प्रतापगढ़) से लेकर आया था। पुलिस ने इमरान को सह-आरोपी बनाते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सादिक पर पहले से बांसवाड़ा में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, वहीं फरार आरोपी इमरान पर भी अरनोद थाने में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

​इस कार्रवाई को अंजाम देने में भावगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरसिंह कटारा और उनकी पूरी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026 की धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।