आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया/ रतलाम जिले में आबकारी विभाग की उदासीनता के चलते अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। नाक के नीचे चल रहे इस धंधे के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब का बाजार खुला और सक्रिय दिखाई दे रहा है।
वहीं, बरखेड़ा पुलिस ने इसके उलट सक्रियता का परिचय देते हुए समय-समय पर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाए हैं। हाल ही में थाना प्रभारी रविंद्र दांतोडिया के निर्देशन में की गई कांबिंग गश्त में पुलिस ने एक फोर व्हीलर वाहन को घेराबंदी कर रोका और वाहन से 18 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी फरार होने के बावजूद उनकी तलाश तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आबकारी विभाग भी थाना पुलिस जैसी तत्परता दिखाए तो अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह खत्म किया जा सकता है। बरखेड़ा पुलिस की लगातार कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून और नियमों का पालन संभव है, बस इच्छाशक्ति होनी चाहिए।
जन जागरूकता और पुलिस की सख्ती के बावजूद आबकारी विभाग की चुप्पी इस मामले को और सवालों के घेरे में डाल रही है। नागरिक अब मांग कर रहे हैं कि विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाए और अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लगाए, ताकि कानून की वाकई जीत हो सके।