आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । पूर्व कैबिनेट राज्य मंत्री स्व. मनोहर ऊंटवाल की छठी पुण्यतिथि पर आलोट की धरती एक बार फिर भावुक हो उठी। जनसेवा को जीवन का उद्देश्य मानने वाले स्व. ऊंटवाल को स्मरण करने के लिए आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चैतन्य कश्यप विशेष रूप से आलोट पहुंचे और उन्होंने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में आलोट विधानसभा के साथ-साथ आलोट, आगर, देवास एवं शाजापुर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और उनके चाहने वाले पहुंचे। मंच से वक्ताओं ने कहा कि स्व. ऊंटवाल केवल एक नेता नहीं, बल्कि आमजन की आवाज थे। विधायक, सांसद और मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए भी उन्होंने सादगी, संवेदनशीलता और संघर्ष को कभी नहीं छोड़ा। मध्य प्रदेश की राजनीति में उनकी छवि एक कर्मठ, जुझारू और जनहितैषी नेता के रूप में हमेशा जीवित रहेगी।

कार्यक्रम में आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, प्रदेश संगठन के नेता तपोभूमिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, परिवारजन एवं कार्यकर्ताओं का सैलाब मौजूद रहा। इस अवसर पर स्व. ऊंटवाल के बड़े पुत्र मनोज ऊंटवाल (बंटी) भी भावुक रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान स्व. ऊंटवाल के संघर्षपूर्ण जीवन, जनसेवा और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को याद कर उपस्थितजनों की आंखें कई बार नम हो गईं। अंत में सभी ने उनके आदर्शों पर चलने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

