मंदसौर। गणतंत्र दिवस के गरिमामयी अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में मल्हारगढ़ तहसील को एक बार फिर गौरवान्वित होने का अवसर मिला। कलेक्टर अदिति गर्ग ने मल्हारगढ़ तहसीलदार ब्रजेश मालवीय को निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इन उपलब्धियों के लिए मिला सम्मान
तहसीलदार मालवीय को मध्यप्रदेश राज्य में फोटो निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 तथा डिजीटाइजेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर यह सम्मान प्रदान किया गया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में तहसील ने डेटा प्रबंधन और मतदाता सूची के आधुनिकीकरण में प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
टीम वर्क की जीत
उल्लेखनीय है कि मल्हारगढ़ तहसील ने हाल ही में दोहरी सफलता हासिल की है। इससे पूर्व, एसआईआर (SIR) कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मल्हारगढ़ एसडीएम स्वाति तिवारी को राज्यपाल मंगू भाई पटेल द्वारा भोपाल में सम्मानित किया जा चुका है।
"यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी राजस्व टीम की मेहनत का परिणाम है। फील्ड स्टाफ से लेकर कार्यालयीन कर्मचारियों की सक्रियता के कारण ही हम शासन के लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा कर पाए।"
— ब्रजेश मालवीय, तहसीलदार
इस दोहरी उपलब्धि से पूरे जिले के राजस्व विभाग में हर्ष का माहौल है। अधिकारियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय संयुक्त टीम वर्क और विभागीय समन्वय को दिया है।
