योगेश पंवार का हुआ सम्मान: जिला स्तर पर कौशल प्रतियोगिता जीत अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे हुनर
मल्हारगढ़। स्थानीय एपीजे प्राइवेट आईटीआई में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और देश भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संस्थापक हाजी अयाज़उद्दीन अंसारी द्वारा ध्वजारोहण (झंडा वंदन) के साथ की गई। इस अवसर पर राष्ट्रगान के पश्चात देश के अमर शहीदों को याद किया गया।

प्रतिभा का सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण 'स्किल इंडिया कॉम्पिटिशन' के मेधावी छात्र का सम्मान रहा। संस्थान के ट्रेनी योगेश पंवार ने जिला स्तर पर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता पास की है और अब उनका चयन राज्य स्तर (स्टेट लेवल) के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार अशोक जी दक ने योगेश को माला पहनाकर, शील्ड और सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं जब राष्ट्रीय मंचों तक पहुँचती हैं, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय होता है।

मार्गदर्शन और उपस्थिति
संस्था के डायरेक्टर खलील खान पठान एवं युनूस मोहम्मद रंगरेज ने सभी प्रशिक्षार्थियों (ट्रेनीज) को संबोधित किया। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से छात्रों को निरंतर कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के महत्व से अवगत कराया, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य पत्रकारगण राधेश्याम जी बैरागी, प्रकाश जी माली, गोपाल जी मालेचा, संदीप जी विजयवर्गीय एवं मनोहर जी जैन विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में संस्था का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी मौजूद रहे।
