मंदसौर (अफजलपुर) । क्षेत्र स्थित मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के वितरण केंद्र पर कार्यालय समय में ताला लटका मिला। बिजली बिल सुधार, कनेक्शन संबंधी कार्य एवं शिकायत दर्ज कराने पहुंचे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें बिना काम लौटना पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वितरण केंद्र का इस तरह बंद रहना आम बात हो गई है। समय पर कर्मचारी नहीं मिलने से उपभोक्ताओं का कीमती समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। सबसे हैरानी की बात यह रही कि कार्यालय के बाहर कोई सूचना बोर्ड या वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि शासन जहां एक ओर बिजली सेवाओं को बेहतर बनाने की बात कर रहा है, वहीं जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। उपभोक्ताओं ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि अफजलपुर में बिजली विभाग की यह लापरवाही कब तक जारी रहती है।