बच्चों में न्याय व कानून के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
मंदसौर /शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में एक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, न्याय, अधिकार, कर्तव्य, अपराध एवं दंड की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए वास्तव में जागरूकता से परिपूर्ण और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय श्री अनीस कुमार मिश्रा तथा न्यायाधीश श्री सुधीर सिंह निगवाल ने वृत्तांतों एवं वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को बताया कि अपराध क्या होता है, दंड का उद्देश्य क्या है तथा नागरिकों एवं अधिकारियों के कर्तव्य किस प्रकार समाज में न्याय की स्थापना करते हैं। अतिथियों ने सरल एवं प्रभावी भाषा में यह संदेश दिया कि कानून का ज्ञान ही सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनका उद्देश्य बच्चों में विधिक चेतना के साथ-साथ सृजनात्मक सोच विकसित करना था। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
