मंदसौर / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता शपथ कार्यक्रम 23 जनवरी 2025 को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सुशासन भवन में आयोजित किया जाएगा। पूर्व में यह शपथ 25 जनवरी को प्रस्तावित थी, किंतु 24 एवं 25 जनवरी को शासकीय अवकाश होने के कारण तिथि में परिवर्तन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों एवं नागरिकों को देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखने तथा निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई जाएगी।
