आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ आलोट पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। डोडाचूरा व एमडीएमए (एमडी) की तस्करी में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एमडी तस्करी के एक अन्य मामले में दो आरोपियों को उदयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए डोडाचूरा व अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 किलो 500 ग्राम अवैध डोडाचूरा, 207.19 ग्राम एमडीएमए तथा तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान एमडी तस्करी से जुड़े अन्य नाम सामने आए। इसके बाद आलोट पुलिस ने उदयपुर में दबिश देकर इरफान पिता अंसार खान उम्र 35 वर्ष निवासी खटीक मोहल्ला ताल तथा जीवितेश उर्फ जितेंद्र सिंह पिता सुरेंद्र सिंह सोंधिया राजपूत निवासी आलोट ताल रोड को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक आई-20 कार भी जब्त की गई, जिसका उपयोग मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में किया जा रहा था।
दोनों आरोपियों को आज आलोट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त संगठित गिरोह के माध्यम से की जा रही थी। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना आलोट पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े इस नेटवर्क के अन्य पहलुओं को लेकर विवेचना लगातार की जा रही है।