आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । आलोट क्षेत्र के ग्राम पाटन निवासी 21 वर्षीय वंदना पाटीदार के करंट से गंभीर रूप से घायल होने के मामले में आर्थिक सहायता और दोषी विद्युत कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर अपने समर्थकों एवं सर्वधर्म समाज के लोगों के साथ मैदान में उतरे।
गौरतलब है कि 28 दिसंबर को वंदना पाटीदार को अपने ही मकान की छत से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर करंट लग गया था। वर्तमान में वह उज्जैन के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

इस मामले को लेकर करणी सेना के नेतृत्व में कारगिल चौराहे से पैदल जुलूस निकाला गया, जो बस स्टैंड स्थित विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचा। वहां प्रदर्शन कर अधिकारियों से वंदना पाटीदार के इलाज हेतु आर्थिक सहायता, निजी व शासकीय स्तर पर मदद तथा दोषी विद्युत कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान जीवन सिंह शेरपुर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने डीई महेंद्र मेईडा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई भी आरोप सिद्ध कर दिया जाए तो वे स्वयं पद छोड़ने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता या अधिकारी के परिजन के साथ ऐसी घटना होती है तो मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक तक मौके पर पहुंच जाते हैं, लेकिन आम नागरिक के साथ हादसा होने पर कोई सुध लेने नहीं आता। विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा भी अब तक पीड़िता की कोई सहायता नहीं की गई है।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए 20 मिनट का समय दिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे।
बाद में एसी मनोज शर्मा एवं डीई महेंद्र मेईडा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और घायल वंदना पाटीदार को उपचार हेतु निजी एवं शासकीय स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही लापरवाह लाइनमैन को हटाने एवं दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही।
