आलोट/ दुर्गाशंकर पहाड़िया/ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए और डोडाचूरा के साथ दो आरोपियों को दबोचा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई हुई।
मुकबिर से मिली सूचना पर 17 जनवरी 2026 को ताल रोड डेहरी फंटा के पास आरोपियों की घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमन पिता जमील शेख (उम्र 21 वर्ष) निवासी बजट रोड आलोट और उमर पिता तनवीर काजी शेख (उम्र 20 वर्ष) निवासी दरगाह मोहल्ला आलोट बताए गए हैं।

तलाशी में 207.19 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 20 लाख 71 हजार 900 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 5 किलो 500 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत लगभग 82 हजार 500 रुपये है, भी जब्त की गई। घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 13 ZC 0192, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये है, को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ की खरीद‑फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
