मंदसौर। राष्ट्रीय कैडेट कोर की 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ इस दस दिवसीय शिविर में नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन ,इंदौर और खंडवा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से चयनित 450 एनसीसी कैडेट्स कैम्प कमांडेंट कर्नल ज्योति प्रकाश (भारतीय सेना) के नेतृत्व में प्रशिक्षण ले रहे हैं। जिसमें कैंप के दौरान यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर यातायात सूबेदार शैलेंद्र सिंह चौहान ने कैडेट्स को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा उपायों एवं सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ट्रैफिक सिग्नलों का महत्व, तेज गति के दुष्परिणाम, मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरे तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं व समाज की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

सूबेदार चौहान ने कैडेट्स को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क पर अनुशासन का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ सत्र में भाग लिया और प्रश्नोत्तर के माध्यम से उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी अधिकारियों ने अतिथि वक्ता का आभार व्यक्त किया तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यातायात कार्यशाला के दौरान कैंप एजुडेंट जितेंद्र कनौजिया, चीफ ऑफिसर विजय सिंह पुरावत, एस ओ धीरज शुक्ला, विक्रम शर्मा, टी ओ कुलदीप सिंह चंद्रावत, राहुल दास बैरागी, सूबेदार सुखवीर सिंह, नायब सूबेदार पाटिल साहब की उपस्थिति में संपन्न हुआ।