आलोट। दुर्गाशंकर पहाड़िया/ रतलाम जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटी की तामील करते हुए पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई से न केवल पुलिस की मुस्तैदी सामने आई है, बल्कि अपराधियों में भी स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बच पाना अब संभव नहीं है।
पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना आलोट पुलिस ने यह प्रभावी कार्रवाई की। माननीय न्यायालय आलोट से लगभग पांच वर्ष पूर्व जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंटी के तहत आरोपी गोपाल उर्फ महीपाल, पिता अमरसिंह कंजर, उम्र 41 वर्ष, निवासी अरणिया कंजर डेरा, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ को मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना आलोट के निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, आर. दीपक पाटीदार, आर. अशोक गुर्जर एवं आर.चालक  मनोज भट्ट की सराहनीय भूमिका रही। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम देते हुए आरोपी को सुरक्षित रूप से पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
रतलाम पुलिस की इस सख्त और प्रभावी कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कानून का भय लगातार मजबूत हो रहा है।