आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़ियां । शुक्रवार रात करीब 8 बजे ग्राम डेलवास (खरवा कला) क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसी दौरान वहां से गुजर रही लोकल ट्रेन के लोको पायलट की नजर घायल युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट द्वारा तत्काल नजदीकी स्टेशन पर मेमो दिया गया।
रेलवे से मिली सूचना के बाद उधर से गुजर रही गाड़ी संख्या 20957 नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के माध्यम से घायल युवक को विक्रमगढ़–आलोट रेलवे स्टेशन लाया गया। स्टेशन पर पहले से दी गई सूचना के आधार पर डायल-112 एवं 108 एंबुलेंस सेवा को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही 112 वाहन तत्काल मौके पर पहुंचा।
112 आपात सेवा पर तैनात आरक्षक C/668 मुकेश कुमार एवं 112 वाहन चालक बद्रीलाल चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से शासकीय अस्पताल आलोट पहुंचाया।
अस्पताल व पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल युवक की पहचान राधेश्याम पिता रामलाल, उम्र 28 वर्ष, जाति सूर्यवंशी, निवासी डेलवास (खरवा कला) के रूप में हुई है। युवक के सिर व चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें पाई गईं। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. रोहित चौधरी द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत को देखते हुए उसे सीटी स्कैन हेतु जिला अस्पताल रतलाम रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पुलिस थाना आलोट को दे दी गई है। फिलहाल युवक के रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिलने के कारणों की जांच की जा रही है।
posted by : Admin/Pointer Media
10 Jan 2026, 11:01 AMडेलवास के पास रेलवे ट्रैक किनारे घायल मिला युवक, लोको पायलट की सतर्कता और 112 की तत्परता से बची जान
