आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया। थाना आलोट क्षेत्र में डायल-112 की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कारगिल चौराहा के पास एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला घर का रास्ता भटककर भटकती हुई मिली, जिसे पुलिस सहायता की आवश्यकता थी। इसकी सूचना 06 जनवरी की रात्रि को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही आलोट थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 की एफआरव्ही को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक दीपक माली एवं पायलट पवन बघेल मौके पर पहुँचे और वृद्ध महिला को सुरक्षित अपने साथ लिया। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि वृद्ध महिला ग्राम भोजखेड़ी, जिला रतलाम की निवासी है।


डायल-112 जवानों द्वारा बिना विलंब किए वृद्ध महिला को एफआरव्ही वाहन से उसके गांव ले जाया गया, जहाँ परिजन उसे तलाश करते हुए मिले। पहचान व सत्यापन के बाद वृद्ध महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
अपनी परिजन को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने राहत की सांस ली और डायल-112 सेवा तथा पुलिस स्टाफ की तत्परता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि डायल-112 सेवा संकट के समय आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद सहारा बनी हुई है।