मल्हारगढ़/महेश मरेठा/ तहसील के ग्राम सुठोद निवासी श्री मांगीलाल जी जैपाल के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड मंदसौर में हेडपंप टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत रहे श्री जैपाल ने 36 वर्षों की लंबी, निष्ठावान एवं गौरवमय शासकीय सेवा के उपरांत 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में वक्ताओं ने श्री जैपाल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव से किया। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सम्मान समारोह के दौरान श्री जैतपाल को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। अपने उद्बोधन में श्री मांगीलाल जी जैपाल ने सभी सहयोगियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान जो सहयोग और सम्मान मिला, वह उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है।