गरोठ/ इंदौर में दूषित पानी के कारण हुई जनहानि और उसके बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मीडिया के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर प्रदेश भर में विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में मंदसौर जिले की गरोठ-भानपुरा विधानसभा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बता दें की इंदौर में हाल ही में दूषित जल पीने से 15 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई और हजारों की संख्या में लोग अस्पतालों में उपचाररत हैं। इस गंभीर मुद्दे पर जब मीडिया ने सवाल पूछे, तो कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मीडियाकर्मियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इस संवेदनहीन व्यवहार से आक्रोशित होकर युवा कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग की है।
मंदसौर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल और गरोठ विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी की गई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। शहरयार शिबू (प्रदेश सचिव) जीतू बैरागी (मेलखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष) निलेश मीणा, श्याम मीणा, टिंकेश पाटीदार, सियाराम बरेड़ा, पंकज भट्ट, मलकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल ने कहा कि एक तरफ इंदौर की जनता दूषित पानी के कारण जान गंवा रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार मंत्री अपनी गलती मानने के बजाय लोकतंत्र के चौथे स्तंभ (मीडिया) को अपमानित कर रहे हैं। यह सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।
posted by : Admin/Pointer Media
03 Jan 2026, 04:06 PMमप्र के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर भड़का आक्रोश, मंदसौर जिले में युवा कांग्रेस ने फूंका पुतला
