आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । कंजर गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट एवं जावरा अनुभाग की संयुक्त पुलिस टीम ने राजस्थान के कंजर डेरों पर दबिश देकर दो स्थायी वारंटी कंजरों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  विवेक कुमार लाल तथा आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के निर्देशन में एसडीओपी कार्यालय, आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम , थाना ताल एवं जावरा डिवीजन के बल के साथ राजस्थान के लाखाखेड़ी, अरनिया व टोकड़ा क्षेत्र (जिला झालावाड़) में संयुक्त कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान स्थायी वारंटी मिट्टू पिता दुला कंजर, उम्र 33 वर्ष निवासी अरनिया थाना उन्हेल जिला झालावाड़ तथा राधेश्याम पिता रामसिंह कंजर, उम्र 45 वर्ष निवासी लाखाखेड़ी थाना गंगधार जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान डेरों के आसपास चोरी के माल की तलाश की गई। वहीं बड़ी मात्रा में हाथ भट्टी शराब व लहान मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट किया गया।
पुलिस ने बताया कि मिट्टू कंजर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 971/2014 धारा 394 भादवि एवं आरसीटी क्रमांक 403/2018 धारा 379 भादवि में माननीय न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे। वहीं राधेश्याम कंजर के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 194/18 धारा 34(2) आबकारी एक्ट में स्थायी वारंट लंबित था।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।