आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । थाना आलोट क्षेत्र अंतर्गत 28 दिसंबर 2025 को हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना को लेकर गुरुवार को ग्राम अरवालिया सोलंकी सहित आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने चोरी के आरोपी का जुलूस निकालने की मांग को लेकर करीब दो से ढाई घंटे तक हंगामा किया। इस दौरान पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना पर आलोट एसडीओपी पल्लवी गोर मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से संवाद कर समझाइश दी। इसके बाद थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने भी ग्रामीणों को कानून व्यवस्था की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के बयान के आधार पर उन्हेल (राजस्थान) निवासी रघुनाथ सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जिसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। साथ ही अन्य चोरी की वारदातों में शामिल उसके साथियों और पुरानी चोरियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर को फरियादी पुर सिंह पिता बालू सिंह की रिपोर्ट पर थाना आलोट में ट्रैक्टर चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने एक आरोपी ईश्वर सिंह पिता गंगाराम सोंधिया राजपूत निवासी लाखा खेड़ी उमट थाना गंगधर जिला झालावाड़ (राजस्थान) को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के आधार पर मुख्य सरगना रघुनाथ सिंह की पहचान हुई, जिसे 1 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और ज्ञापन देकर निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।
posted by : Admin/Pointer Media
01 Jan 2026, 08:48 PMट्रैक्टर चोरी के आरोपी को जुलूस निकालने की मांग पर अड़े ग्रामीण, पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद माने
