आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । नगर में यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ा। जांच के दौरान मोटरसाइकिल में अवैध रूप से मोडिफाइड साइलेंसर लगा होना पाया गया। पुलिस ने वाहन चालक दीपक पिता प्रभुलाल सोलंकी उम्र 22 वर्ष को मौके पर रोका। जांच में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 52/182 (ए)(4) एवं 77/177 के उल्लंघन पाए जाने पर चालक से 5500 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही वाहन से मोडिफाइड साइलेंसर खुलवाकर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि मोडिफाइड साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन नहीं कराने की अपील की है।
posted by : Admin/Pointer Media
01 Jan 2026, 06:37 PMबिना नंबर और मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर पुलिस का शिकंजा, 5500 का जुर्माना, साइलेंसर जब्त
