आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया सोलंकी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ट्रैक्टर चोरी की वारदात ग्रामीणों की सजगता से नाकाम हो गई। ट्रैक्टर स्टार्ट होने की आवाज सुनकर जागे ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए घेराबंदी की और एक बदमाश को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया कि पूर सिंह पिता बालू सिंह के घर के सामने खड़े ट्रैक्टर को चोरी कर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर लेकर भाग रहा ईश्वर सिंह पिता गंगाराम सौंधिया राजपूत, निवासी लाखाखेड़ी (उमठ), थाना गंधार, राजस्थान को ग्रामीणों ने दबोच लिया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और मेमो कथन के आधार पर आरोपी के अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें प्रह्लाद सिंह पिता मांगू सिंह सौंधिया, भारत सिंह पिता शंकर सिंह सौंधिया (दोनों निवासी लाखाखेड़ी उमठ) तथा रघुनाथ सिंह निवासी उन्हेल शामिल हैं, जो घटना के समय मौके से फरार हो गए थे।
एसडीओपी पल्लवी गौर के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संबंधित गांवों में दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में किसी कंजर गिरोह की संलिप्तता सामने नहीं आई है। नामजद सभी आरोपी स्थानीय क्षेत्र के बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है और शीघ्र ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।