उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुरी के भवन का किया निरीक्षण

मंदसौर /उप मुख्यमंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि यह विद्यालय भवन लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि इस स्कूल के बन जाने से आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में बड़ा लाभ होगा और उनका भविष्य संवरेगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि यदि स्कूल में किसी प्रकार की कमी हो तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसे शीघ्र दूर किया जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सभी बच्चे अच्छे से अध्ययन करें और अपने माता‑पिता तथा देश का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके। इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला अधिकारी, विकास खंड अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।