आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । स्थानीय बाज़ार में एक ऐसा उपभोक्ता उत्पाद खुलेआम बिक्री के लिए उपलब्ध है, जिस पर स्पष्ट रूप से कंपनी का नाम और ‘Made in China’ अंकित है। हैरानी की बात यह है कि उक्त उत्पाद भारतीय बाज़ार में वैध मानकों और नियमों का पालन करता है या नहीं, इसकी किसी भी स्तर पर जांच होती नजर नहीं आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पाद की पैकेजिंग पर न तो आयात से संबंधित स्पष्ट विवरण दिखाई देता है और न ही भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) अथवा अन्य आवश्यक वैधानिक जानकारी संतोषजनक रूप से अंकित है। इसके बावजूद यह उत्पाद स्थानीय दुकानों पर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि यदि बिना उचित अनुमति, पंजीयन और गुणवत्ता मानकों के विदेशी, विशेषकर चीनी उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं, तो यह न केवल उपभोक्ताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ है बल्कि देश के व्यापार नियमों का भी उल्लंघन है।
सबसे गंभीर प्रश्न यह है कि ऐसे उत्पादों की बिक्री पर निगरानी रखने वाले संबंधित विभाग आखिर मौन क्यों हैं। क्या यह अनदेखी लापरवाही है या फिर जानबूझकर आंखें मूंद ली गई हैं?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल इस मामले का संज्ञान लें, उत्पाद की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करें और स्पष्ट करें कि इस तरह के ‘मेड इन चाइना’ उत्पाद बाजार में किस आधार पर बेचे जा रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस खुली हकीकत पर कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
posted by : Admin/Pointer Media
21 Dec 2025, 02:51 PMबाज़ार में ‘मेड इन चाइना’ का ज़हर, नियम-कानून ताक पर — विभागीय खामोशी पर सवाल
