मल्हारगढ/ महेश मरेठा/ पिपलिया मंडी स्थित कबीर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने आज श्री राधे कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ सेवा का अनुकरणीय कार्य किया। इस अवसर पर बच्चों ने गौमाता को श्रद्धा पूर्वक रोटी खिलाई और गौशाला परिसर में सेवा भाव के साथ समय बिताया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में करुणा, सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को विकसित करना रहा।
गौशाला में उपस्थित पशुपालक बाबूलाल पवार ने विद्यार्थियों को गायों की देखभाल, खान-पान, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गाय का हमारे जीवन में विशेष महत्व है और गौमाता केवल पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को गौ संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
प्रीति कपूर वाइस प्रिंसिपल ने कहा कि गाय से हमें दूध, गोबर और गौमूत्र जैसे उपयोगी पदार्थ प्राप्त होते हैं, जो कृषि, पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और गौ सेवा के महत्व को समझा।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में संस्कार, जिम्मेदारी और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। अंत में सभी बच्चों ने गौमाता की सेवा कर सुखद अनुभूति व्यक्त की।