मंदसौर / सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आज शासकीय सांदीपनी विद्यालय मल्हारगढ़ में विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस आयोजन में क्षेत्र के 13 संकुलों से कुल 64 टीमों ने सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सितोलिया कबड्डी एवं खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिनमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया।

आयोजन की शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीपप्रज्वलित कर की गई। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव को ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

प्रतियोगिता में विजेता बनने वाली टीमें आगामी लोकसभा स्तर की प्रतियोगिता में विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय परिसर में पूरे दिन खेलों का माहौल बना रहा और अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा। खेल महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।