आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट, जिला रतलाम के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण समाचार है कि विद्यालय के कक्षा सातवीं के होनहार विद्यार्थी प्रद्युम्न शर्मा का चयन मिनिस्ट्री ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप द्वारा आयोजित स्पेशल नेशनल इवेंट्स – एआई फॉर बिगिनर्स के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभागी शामिल होंगे तथा कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

विद्यालय के प्राचार्य शांतिलाल तेली ने बताया कि प्रद्युम्न शर्मा, सुपुत्र कविता व दीपेंद्र शर्मा, ग्राम असावती तहसील जावरा निवासी हैं। यह उपलब्धि छात्र की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचारात्मक सोच के साथ-साथ विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण एवं सतत मार्गदर्शन का प्रमाण है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने प्रद्युम्न शर्मा को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही इस सफलता में विशेष योगदान देने वाले श्री धर्मेंद्र कुमार (टीजीटी–सीएस) एवं श्री संतोष (योग शिक्षक) के मार्गदर्शन की भी सराहना की गई है।