महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का होगा आयोजन
झालावाड़ /जगदीश पोरवाल/ राज्य सरकार के कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का आयोजन आगामी 22 दिसम्बर को प्रस्तावित है। इस संबंध में गुरूवार को संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में संभागीय आयुक्त ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 22 दिसम्बर को झालावाड़ के डग क्षेत्र स्थित ग्राम दुधालिया में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का आयोजन होना है।
इस दौरान जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा उद्यान, बायोगैस प्लांट एवं गौशाला का लोकार्पण सहित अन्य उद्घाटन एवं लोकार्पण, शिलान्यास एवं लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सूचना एवं सम्पर्क विभाग के माध्यम से जिले में महिला सशक्तिकरण को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी तथा राजीविका, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों के प्रदर्शन हेतु लगभग 25 स्टॉल लगाए जाएंगे।
आयोजन स्थल पर व्यापक साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता निगरानी की सम्पूर्ण तैयारी के लिए नगर परिषद् के अधिकारी को कहा। इसके साथ ही राजीविका के परियोजना समन्वयक को महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता, महिला सशक्तिकरण स्टॉलों का समन्वय एवं महिलाओं की उपस्थिति एवं प्रदर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कृषि, उद्योग, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को विभागीय स्टॉलों की स्थापना एवं सज्जा, महिला नवाचारों एवं आजीविका गतिविधियों के प्रदर्शन एवं विभागीय अधिकारियों की तैनाती के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
