भवानीमंडी पुलिस ने दिल्ली निवासी पंकज भारद्वाज उर्फ बन्टी को पकड़ा, 2022 में दर्ज हुआ था एनडीपीएस एक्ट का मामला

भवानीमंडी। भवानीमंडी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक से जुड़े प्रकरण में पिछले चार साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी पंकज भारद्वाज उर्फ बन्टी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी दिल्ली के पश्चिमी जिले का निवासी है और वर्ष 2022 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित था। पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजस्थान, पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार पंचायत चुनाव-2026 के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार चल रहे वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थानाधिकारियों को थाना स्तर पर टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

2022 में दर्ज हुआ था मामला- पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2022 को पुलिस थाना भवानीमंडी में प्रकरण संख्या 308/2022 धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में रामकरण पुत्र रतनलाल, निवासी करनाजी डेरा, पोस्ट घिनोदा, थाना खाचरौद, जिला उज्जैन (मध्यप्रदेश) के कब्जे से 105 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद कर जब्त की गई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पंकज भारद्वाज उर्फ बन्टी का नाम सामने आया था। वह इस प्रकरण में फरार चल रहा था और धारा 299 सीआरपीसी के तहत वांछित था।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई- जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ भागचंद मीना तथा भवानीमंडी वृत्ताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना भवानीमंडी के थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए चार साल से फरार आरोपी पंकज भारद्वाज उर्फ बन्टी पुत्र राम अवतार, उम्र 41 वर्ष, निवासी अशोक नगर, थाना हरिनगर, जिला पश्चिम दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।

टीम में ये रहे शामिल- कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार (पुलिस निरीक्षक) तथा हरिशराम सैनी (कांस्टेबल नंबर 1258) शामिल रहे।