रात्रि 11:30 बजे हुई भगवान श्री सांवलिया सेठ की विशेष आरती, खीर प्रसादी का किया वितरण
बरखेड़ा पंथ / महेश मरेठा / मल्हारगढ़ तहसील के बरखेड़ा पंथ स्थित श्री सांवरिया सेठ धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्री सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर रात्रि 11:30 बजे भगवान श्री सांवलिया सेठ जी की विशेष आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। भगवान के दर्शन और आरती में शामिल होकर भक्तों ने धर्मलाभ लिया।
महोत्सव के दौरान भगवान श्री सांवलिया सेठ को खीर का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा का पर्व विशेष महत्व रखता है। इस दिन भगवान की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के माध्यम से श्रद्धालु अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
