पिपलिया मंडी। कृषि उपज मंडी पिपलिया मंडी के एक व्यापारी से 42 टन गेहूं का भुगतान नहीं होने और गेहूं की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा एग्रो पार्क के संचालक की शिकायत पर पिपलिया मंडी पुलिस ने गुजरात के सूरत निवासी पार्थ ट्रेडिंग कंपनी के संचालक मिथुल पारख के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्नपूर्णा एग्रो पार्क के संचालक ने पिपलिया मंडी चौकी पर शिकायत दर्ज कराई कि पार्थ ट्रेडिंग कंपनी, सूरत के मालिक मिथुल पारख को कृषि मंडी के अनुज्ञा पत्र पर 42 टन गेहूं भेजा गया था। आरोप है कि गेहूं प्राप्त होने के बाद भी उसका भुगतान नहीं किया गया। शिकायतकर्ता ने गेहूं की हेराफेरी कर अमानत में खयानत किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्ति की पहचान मिथुल पारख, निवासी भजन सोसायटी, पांडेसरा, सूरत (गुजरात) के रूप में हुई है, जो पार्थ ट्रेडिंग कंपनी का संचालक बताया गया है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पिपलिया मंडी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई और जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना शेष है।
