चंदवासा: सुशासन और नागरिक सुविधाओं को पारदर्शी व सुलभ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'जन विश्वास अभियान' के अंतर्गत आज चंदवासा में नया इतिहास रचा गया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग ने संयुक्त रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार टप्पा चंदवासा का फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि चंदवासा क्षेत्र के ग्रामीणों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और राजस्व संबंधी अन्य कार्यों के लिए दूर-दराज के चक्कर काटने पड़ते थे। अब गांव के समीप ही टप्पा न्यायालय शुरू होने से आम जनता के समय और धन दोनों की भारी बचत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 'जन विश्वास अभियान' के जरिए हर नागरिक तक त्वरित न्याय और पारदर्शी सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि टप्पा कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आवेदक की समस्या का त्वरित व तय समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह प्राथमिकता रहेगी।
कार्यालय के शुभारंभ से स्थानीय ग्रामीणों एवं किसानों में भारी उत्साह देखा गया। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए विधायक डंग और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अमला और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।
