तराना। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक निकाली जा रही करीब 950 किलोमीटर लंबी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का गुरुवार को तराना विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के नगर में प्रवेश करते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया।

यात्रा के तराना विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने पर ग्राम बिजल जोड़ पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार के नेतृत्व में स्वागत किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल यात्रियों का स्वागत कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा मणीघाट स्थित श्रीकृष्ण मंदिर परिसर पहुंची, जहां यात्रियों ने विश्राम किया और भोजन ग्रहण किया। विश्राम के बाद यात्रा तराना नगर के लिए रवाना हुई।

नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे। यहां पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के मार्ग में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिली।
नगर भ्रमण के बाद यात्रा स्थानीय कलश श्री गार्डन पहुंची, जहां धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने यात्रा के उद्देश्य, सनातन परंपरा तथा धार्मिक और सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, यात्रा में शामिल यात्री और नगरवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, जिला प्रभारी चंदरसिंह सोंधिया, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह खिच्ची, महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला पंचायत सदस्य मुकेश परमार, हेमंत सिंह चौहान, राजेंद्र मालवीय, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अर्पित यादव, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी, आजाद यादव, अनंतनारायण मीणा और रूपेश परमार सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तराना से सैय्यद नियामत अली की रिपोर्ट।
