मल्हारगढ़। स्थानीय सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) में आईसेक्ट इंडिया के तत्वावधान में युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल मंथन शिविर – 2026 का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों, एआई के उपयोग तथा भविष्य में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान एआई विषय पर आयोजित क्विज एवं डिबेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम दुर्गा शंकर, द्वितीय परीक्षा शक्तावत तथा तृतीय केशवनाथ रावल ने प्राप्त किया। वहीं डिबेट प्रतियोगिता में इरम रंगरेज, रितु कुंवर, अलीशा एवं हिमांशी पोरवाल को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में रीजनल मैनेजर विकास त्यागी, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर स्वप्निल भट्ट, विद्यालय प्राचार्य अशोक वाघेला, उपप्राचार्य मनीष गौड़ एवं टेक्नोलॉजिस्ट यूनुस मोहम्मद रंगरेज सहित अन्य उपस्थित रहे।

तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल तकनीकों का ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे कौशल विकास शिविर विद्यार्थियों को नई तकनीकों से परिचित कराने, उनकी रचनात्मक क्षमता बढ़ाने तथा भविष्य की रोजगार संभावनाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर अपने कौशल एवं ज्ञान को नई दिशा प्रदान करें।

कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य मनीष गौड़ ने किया तथा आभार मंगलदास बैरागी ने व्यक्त किया।