गाडगिल सागर डेम स्थित भैसासरी माता मंदिर के पास विधि-विधान से किया विसर्जन, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

मल्हारगढ़। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के अवसर पर मल्हारगढ़ नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में माता रानी की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के बाद विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता रानी को विदाई दी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

विसर्जन से पूर्व विभिन्न पंडालों और मंदिरों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। इसके बाद माता रानी की प्रतिमाओं के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय माता दी के जयकारे लगाए। युवाओं, महिलाओं और बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

इसके पश्चात गाडगिल सागर डेम स्थित भैसासरी माता मंदिर के पास धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी की अंतिम आरती की गई और प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नवरात्रि के नौ दिनों तक चले धार्मिक आयोजनों के समापन पर श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष माता रानी के पुनः आगमन की कामना करते हुए भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान आस्था, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।