इंदौर। कनकेश्वरी गरबा परिसर में 15 वर्षीय बच्ची के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने कार्रवाई करते हुए माता जीजाबाई मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बच्ची को धक्का देने और धमकाने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और संगठन की कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ने लगा।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो को लेकर उठे विरोध के बीच भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कमल चौहान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में सार्वजनिक मंच पर इस तरह के कथित व्यवहार को पार्टी के सिद्धांतों और अनुशासन के विपरीत बताया गया है। साथ ही उनसे अपना पक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।
केवल नोटिस से कार्रवाई पूरी नहीं होने की उठ रही मांग
मामले को लेकर लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या कारण बताओ नोटिस जारी करना पर्याप्त है या संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कुछ लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर पद से हटाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
फिलहाल, मामले में संबंधित पक्ष का स्पष्टीकरण और पुलिस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। वायरल वीडियो के आधार पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना महत्वपूर्ण होगा।
अब सवाल यह है कि क्या कारण बताओ नोटिस तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी या संगठन आगे भी कोई कदम उठाएगा?
