एक आरोपी गिरफ्तार, करीब 300 लीटर महुआ लहान मौके पर किया नष्ट; थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे के नेतृत्व में पुलिस टीम की कार्रवाई।

पिपलियामंडी। क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ पिपलियामंडी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम काचरिया चंद्रावत में पुलिस टीम ने दबिश देकर हाथ भट्टी से बनाई जा रही अवैध कच्ची शराब पकड़ी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 60 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त करते हुए एक आरोपी देवेंद्र पिता ओमप्रकाश बावरी, निवासी बंड पिपलिया को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त मौके पर करीब 300 लीटर महुआ लहान नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी रीतेश डामोर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की लगातार कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।