गुर्जरबर्डिया (मंदसौर)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार, 18 अक्टूबर को ग्राम गुर्जरबर्डिया में जय मां जगदंबा ग्रुप के तत्वावधान में 151 मीटर लंबी चुनर यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

चुनर यात्रा का शुभारंभ गांव के सांवलिया जी मंदिर से हुआ। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कालेश्वर माता मंदिर पहुंची। मार्ग में ग्रामीणों और भक्तों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ढोल-डीजे की धुन पर माताएं-बहनें भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ीं।
कालेश्वर माता मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने माता रानी की आरती की और 151 मीटर लंबी चुनरी माता को अर्पित की। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजन के दौरान गांव में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पवन सुनार्थी, पत्रकार, गुर्जरबर्डिया।
