ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के आंतरी थाना क्षेत्र स्थित शीतला माता मंदिर के सामने एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ब्रेक फेल होने से एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और मंदिर के बाहर दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। मंदिर के सामने ढलान पर खड़ा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और ढलान से लुढ़कते हुए पलट गया। इस दौरान कई श्रद्धालु ट्रक के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आंतरी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल ग्वालियर के जयरोग्य अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस हादसे में मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात एसएएफ के दो जवानों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों का चिकित्सकीय उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की संभावित वजह बताई जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
