छिंदवाड़ा। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने पूर्व सांसद नकुलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए अमित सक्सेना की वापसी को जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

अमित सक्सेना ने भाजपा से इस्तीफा देने के पीछे किसानों के मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने के दौरान प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जनहित के मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने की स्वतंत्रता नहीं थी, जिसके चलते वे वहां असहज महसूस कर रहे थे।

प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद नकुलनाथ ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर छिंदवाड़ा की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने, खाद-बीज की उपलब्धता और राहत से जुड़े मुद्दे उठाए। साथ ही चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे विषयों पर भी सरकार को घेरा।

नकुलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनहित के मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं, अमित सक्सेना की कांग्रेस में वापसी पर उन्होंने कहा कि इससे जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी।

अमित सक्सेना की घर वापसी के बाद छिंदवाड़ा के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब आगामी दिनों में इस घटनाक्रम का स्थानीय राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर क्या असर पड़ता है, इस पर नजर रहेगी।