आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम नारायणगढ़ में शासकीय चरनोई भूमि पर जमा की गई बबूल, पीपल सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ियों का बड़ा जखीरा जप्त किया। कार्रवाई के दौरान लकड़ी काटने में उपयोग की जा रही कटाई मशीन भी जब्त की गई।
प्रशासन को लंबे समय से चरनोई भूमि पर अवैध रूप से लकड़ियां जमा किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ियां पाई गईं। टीम ने पंचनामा बनाकर मौके से समस्त लकड़ियों एवं उपकरणों को अपने कब्जे में लिया।
फिलहाल जप्त की गई लकड़ियों के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। राजस्व विभाग का कहना है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध रूप से वनों की कटाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई में तहसीलदार आलोट, पटवारी देवेंद्र राठौर, राजुल सिंह, कुलदीप सिंह तथा ग्राम कोटवार शामिल रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि लकड़ी माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शासकीय भूमि और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
