मल्हारगढ/ महेश मरेठा / सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर पिपलिया मंडल के अंतर्गत बालागुड़ा संकुल की महत्त्वपूर्ण बैठक शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बालागुड़ा में संपन्न हुई। बैठक में संकुल क्षेत्र के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री राकेश गोयल ने कहा कि आगामी सांसद खेल महोत्सव, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मनसा के अनुरूप खेलों को बढ़ावा देने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालय अपने-अपने छात्र–छात्राओं की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी खेल गतिविधियों से जुड़े और उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
इस दौरान मंडल आयोजन प्रभारी एवं मंडल महामंत्री श्री मनोहर माली ने खेल महोत्सव के उद्देश्यों, जन सहभागिता तथा व्यापक प्रचार-प्रसार संबंधी निर्देश दिए। वहीं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष एवं खेल सहप्रभारी श्री अशोक गुर्जर ने खिलाड़ियों की व्यवस्थाओं तथा मैदान की तैयारियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री कमलेश पाटीदार, मंडल उपाध्यक्ष महावीर कोठारी सांसद प्रतिनिधि श्री इंद्रजीत भट्ट, श्री रमेश पाटीदार एवं पंचायत सचिव श्री लालसिंह शक्तावत सहित अन्य अतिथियों ने अपने सुझाव साझा किए। बैठक के उपरांत अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को साइकिल वितरण किया गया तथा खेल मैदान का अवलोकन भी किया गया। कार्यक्रम में संकुल क्षेत्र के सभी प्राचार्य, शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
