मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की टीशर्ट और लोवर पहने, हाथ में विमल का झोला लेकर पलवई फंटे से कहीं जाने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत ने पुलिस टीम गठित कर पलवई फंटे पर नाकाबंदी करवाई।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम और पंचों की मदद से उसे रोक लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुख्तयार अहमद खान पिता मुस्लिम अहमद खान, उम्र 50 वर्ष, निवासी नीम चौक के पीछे सागर पेशा, जावरा शहर, जिला रतलाम बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी की लोवर की बाईं जेब में प्लास्टिक की थैली से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत 26 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, हाथ में लिए विमल के झोले से 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा मिला, जिसकी कीमत 10 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अफजलपुर में धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं मंदसौर ग्रामीण एसडीओपी जितेंद्र भास्कर के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत के नेतृत्व में अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
