मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नीमच : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा विकासखंड के रामपुरा स्थित सिविल अस्पताल एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सिविल अस्पताल के ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, पेशेंट वार्ड, लेबर रूम तथा आयुष्मान कार्ड एवं जन आरोग्य संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, दवा स्टॉक, जांच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने निरीक्षण के दौरान, किया जा रहे उपचार के संबंध में मरीजों से भी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
उमंग स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में किशोर-किशोरियों को उपलब्ध कराई जा रही शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी निःशुल्क एवं गोपनीय परामर्श सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार में हो रहे सुधार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं, पोषण आहार, दवाइयों तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार की नियमित निगरानी करते हुए उनकी प्रगति का रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा वेतन संबंधी समस्या से अवगत कराने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, सीएमएचओ डॉ. डी. प्रसाद, बीएमओ डॉ. साजिद अंसारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
