नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्राप्त शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर  कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान ग्राम जमुनियारावजी में शासकीय चरागाह भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया, वहीं नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि का स्थल निरीक्षण कर मौके से अतिक्रमण एवं अन्य अवरोध हटाए गए।

 

न्यायालय नायब तहसीलदार मनासा द्वारा दिए गए आदेश के पालन में ग्राम जमुनियारावजी स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 49/1/1, रकबा 9.72 हेक्टेयर, मद चरागाह में से लगभग 0.018 हेक्टेयर (2000 वर्गफीट) भूमि पर भूरालाल पिता देवा बंजारा, निवासी दांतोली द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से मौके से हटाया गया। हटाए गए अतिक्रमण की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

      कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार श्री नरेंद्र कुमार बारोठिया, राजस्व निरीक्षक श्री कुलदीप डामोर, संबंधित पटवारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।

      इसी प्रकार, दूसरे प्रकरण में नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि के संबंध में सुरेंद्र दास बैरागी द्वारा की गई शिकायत पर प्रशासनिक अमले द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर पाया गया अतिक्रमण एवं घूमती तथा पत्थरों से किए गए अवरोध को पूर्ण रूप से हटा दिया गया।

      कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण तथा प्राप्त शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।