रतलाम : मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा जावरा ताल एवं आलोट में पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों की बैठक ली गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को अभियान का लाभ दिलाया जाए तथा नि:शुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण की जाए।
स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान तीन चरणों में 17 सितम्बर से प्रारंभ होकर 3 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर लक्षित भूमि स्वामियों के अधिकार अभिलेखों का राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क पंजीयन रजिस्ट्री कराया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के नाम पर नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी। रजिस्ट्री के लिए पंचायत उपकर एवं अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी में छूट का प्रावधान किया गया है।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच सचिव पटवारी एवं रोजगार सहायक के साथ समन्वय कर प्रत्येक गुरुवार शुक्रवार एवं शनिवार को नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए शिविर आयोजित करें। उन्होंने शिविरों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत निष्पादित करने का लक्ष्य रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान मैदानी अमला सक्रिय रहकर हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराए तथा रजिस्ट्री की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए। उन्होंने निर्धारित अवधि में अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
